खगड़िया। जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के इंग्लिश लगार गांव में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी अब सड़क पर चढ़ने लगा है। गांव के वार्ड संख्या-10 और 11 में भी पानी फैलना शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ का पानी रिंग बांध के आसपास पहुंच गया है। पानी के दबाव को देखते हुए फ्लड फाइटिंग टीम की ओर से बोरा डालकर पानी के बहाव को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन और स्थानीय लोग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इधर, परबत्ता के अंचल अधिकारी हरिनाथ राम ने बताया कि इंग्लिश लगार के उक्त क्षेत्र में प्रशासन की पैनी नजर है।
संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और स्थिति के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की जा रही है।
रिपोर्ट: गुरुदेव कुमार , दैनिक बिहार पत्रिका











