
लखनऊ। श्री श्याम हरि मंदिर, नवैया गणेशगंज में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री कृष्ण छठी उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। उत्सव में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण का केंद्र मंदिर परिसर में लगाया गया विशाल झूला रहा। श्रद्धालु अपने-अपने लड्डू गोपाल जी को आकर्षक रूप से सजाकर मंदिर पहुंचे। सभी लड्डू गोपाल जी को एक साथ झूले में विराजमान कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य लड्डू गोपाल जी को प्रेमपूर्वक झूला झुलाया।

उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु अपने घरों से प्रेमपूर्वक तैयार किया हुआ प्रसाद भी लेकर पहुंचे। श्री कृष्ण छठी के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं भगवान श्री कृष्ण को भोग अर्पित किया गया।

कार्यक्रम का समापन रात्रि 10 बजे भव्य महाआरती के साथ हुआ। महाआरती में सभी लड्डू गोपाल जी की एक साथ आरती की गई। इसके पश्चात भगवान को भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
श्री श्याम हरि मंदिर परिवार की ओर से आयोजित इस पावन उत्सव में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने भगवान श्री कृष्ण से समस्त समाज के सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।











