
खगड़िया। जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरोहर गांव में देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक 23 वर्षीय युवक की छत पर गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान सकरोहर पंचायत के वार्ड नंबर 11, राम टोला निवासी दुखभंजन राम के पुत्र ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।
घटना बुधवार देर रात की है। परिजनों के मुताबिक, 23 वर्षीय ज्योतिष कुमार रात करीब आठ बजे खाना खाकर अपनी छत पर सोने गया था। गुरुवार सुबह जब उसकी मां बुचिया देवी उसे जगाने छत पर पहुंचीं, तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। ज्योतिष खून से लथपथ पड़ा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की भनक परिजनों को रात में ही लग गई थी, लेकिन वे इसे समझ नहीं पाए। ज्योतिष के भाई नीतीश और बहन लक्ष्मी ने बताया कि रात में गोली की आवाज सुनकर बहन छत पर गई थी, लेकिन भाई को सोया हुआ समझकर वापस लौट आई।
आस-पास के पड़ोसियों का कहना है कि अपराधी पड़ोसी बेचन राम के सुनसान मकान के छज्जे के सहारे छत पर चढ़े और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
मामले में एक नया मोड़ तब आया जब मृतक की मां बुचिया देवी ने बताया कि घटना वाले दिन ज्योतिष दिनभर गांव के ही विलास राम के पुत्र सिंटू के साथ था। मां का आरोप है कि सिंटू ने उसे शराब भी पिलाई थी।
वारदात की सूचना मिलते ही बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, एसआई अभिषेक कुमार और एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से तफ्तीश शुरू कर दी है।
आखिर ज्योतिष की हत्या के पीछे की वजह क्या थी और किसने इस घटना को अंजाम दिया, पुलिस इसका सुराग लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट: रेशू रंजन , दैनिक बिहार पत्रिका











