
जीएन बांध के समीप का अनोखा नजारा देखने पहुंच रहे ग्रामीण, पानी निकलने का कारण अब भी स्पष्ट नहीं
खगड़िया/परबत्ता। परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के दरियापुर भेलवा पंचायत में जीएन बांध के समीप बाढ़ के बीच इन दिनों एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। चारों तरफ गंगा के बाढ़ का पानी फैला हुआ है। इसी बीच बाढ़ के जलस्तर में कमी आते ही एक बोरिंग से अचानक पानी निकलना शुरू हो गया। बोरिंग से लगातार पानी निकलते देख स्थानीय लोगों के बीच कौतूहल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ के दौरान उक्त बोरिंग पूरी तरह पानी से घिरी हुई थी। जैसे-जैसे बाढ़ का पानी कम होने लगा, वैसे ही बोरिंग से स्वतः पानी निकलना शुरू हो गया। बोरिंग से लगातार पानी निकलते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर इस अनोखे नजारे को देख रहे हैं।
स्थानीय लोगों के बीच बोरिंग से स्वतः पानी निकलने को लेकर तरह-तरह की चर्चा भी हो रही है। हालांकि, पानी निकलने के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके कारण को लेकर कोई आधिकारिक या तकनीकी जानकारी सामने नहीं आई है।
ग्रामीण इसे बाढ़ का पानी घटने के बाद सामने आया एक अनोखा प्राकृतिक नजारा बता रहे हैं। वहीं, बोरिंग से पानी निकलने की वास्तविक वजह का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल बाढ़ प्रभावित इलाके में यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण और कौतूहल का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट: गुरुदेव कुमार | दैनिक बिहार पत्रिका


Khagaria News: बाढ़ घटते ही









