
लखनऊ। दैनिक बिहार पत्रिका। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मेरठ और सहारनपुर में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, युवा एवं शक्ति केंद्र सम्मेलनों तथा पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, दौरे का प्रमुख फोकस आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों की समीक्षा और जमीनी स्तर पर समन्वय पर रहेगा।

नितिन नवीन 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक एवं उपवन में अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से होगी। इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे वे स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मंगल्य सभागार में आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 1:45 बजे इसी विश्वविद्यालय परिसर में पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद पश्चिम क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन और चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 22 सितंबर को नितिन नवीन मेरठ में प्रबुद्धजनों और समाज के विशिष्ट नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। वहां से वे सहारनपुर के लिए रवाना होंगे, जहां एक पार्टी कार्यकर्ता के घर भोजन का कार्यक्रम है। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे पश्चिम क्षेत्र के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी।
सहारनपुर में इसके बाद प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है। इसमें आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और विभिन्न स्तरों पर समन्वय की समीक्षा की जाएगी। दौरे के अंतिम कार्यक्रम में नितिन नवीन सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नितिन नवीन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस दौरे को भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है। 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर में होने वाली बैठकों में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर की तैयारियों पर भी चर्चा की जाएगी।







