
परबत्ता। दैनिक बिहार पत्रिका। खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के तेमथा गांव के समीप टोटो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता लाया गया। घायलों में तेमथा गांव निवासी दयानंद यादव के पुत्र अनंत कुमार तथा भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड संख्या-23 निवासी सतन यादव के पुत्र मुन्ना कुमार शामिल हैं।

परिजनों के अनुसार, दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से तेमथा गांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सिराजपुर गांव की ओर से आ रहे एक टोटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सीएचसी परबत्ता पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज किया गया। उपचार के बाद मुन्ना कुमार की स्थिति में सुधार बताया गया। वहीं अनंत कुमार की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। अनंत कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किए जाने के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने और तेज गति से वाहन चलाने पर नियंत्रण की आवश्यकता जताई है।
रिपोर्ट: गुरुदेव कुमार, दैनिक बिहार पत्रिका










