
स्कूलों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग, सीसीटीवी चालू रखने और सूखा नशे के खिलाफ छापेमारी के निर्देश
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर जिलाधिकारी विक्रम विरकर एवं पुलिस अधीक्षक पुष्कर आनंद की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सूखा नशे की रोकथाम तथा 24×7 गश्ती व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन को विद्यालय खुलने से लेकर छुट्टी होने तक शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित गश्ती और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अस्पताल, विद्यालय, मंदिर, मस्जिद सहित सार्वजनिक स्थलों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार पूछताछ करने को कहा गया।
विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन को परिसर और मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें हमेशा कार्यशील रखने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले में 24×7 गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
सूखा नशे की रोकथाम को लेकर भी बैठक में कड़े निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर गश्ती रूट तैयार करने और आवश्यकता के अनुसार छापेमारी करने का निर्देश सभी थानाध्यक्षों एवं अंचल अधिकारियों को दिया गया। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और गश्ती व्यवस्था को नियमित एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने तथा विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। विद्यालयों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए टोल-फ्री आपातकालीन सेवा नंबर 112 और गश्ती वाहनों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस या 112 पर सूचना देने को कहा गया। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थानाध्यक्षों को युवाओं, बच्चियों एवं अभिभावकों के साथ नियमित बैठक करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि स्थानीय स्तर पर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी मिल सके और प्रशासन एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय कायम हो।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका


Khagaria News: विधि-व्यवस्था को लेकर









