
ECHC पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव द्वितीय सप्ताह तक तैयार करने का निर्देश
दैनिक बिहार पत्रिका। खगड़िया। समाहरणालय, खगड़िया में 26 सितंबर को जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, वरीय उप समाहर्ता सामान्य शाखा, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान तथा उनके कल्याण से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त मामलों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए नियमानुसार समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में ECHC पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि आवंटन के मुद्दे की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में जिलाधिकारी ने राजस्व शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को भूमि आवंटन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर द्वितीय सप्ताह तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जा सके।
इस दौरान पूर्व सैनिकों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न आवेदनों और समस्याओं की सुनवाई भी की गई। इनमें भूमि विवाद, परिमार्जन से संबंधित मामले तथा राशि उधार दिए जाने से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समयबद्ध निष्पादन के साथ-साथ उनके कल्याण से जुड़े मामलों में विभिन्न विभागों के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका






