
26 सितंबर से शुरू होगा नया सीजन, पहले एपिसोड में अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और जयदीप अहलावत के साथ निर्देशक अभिषेक पाठक भी आएंगे नजर

दैनिक बिहार पत्रिका। मनोरंजन डेस्क। नेटफ्लिक्स का लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ अपने पांचवें सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। त्योहारों के मौसम में शुरू हो रहे इस सीजन में दर्शकों को हंसी-मजाक, मजेदार बातचीत और फिल्मी सितारों से सजी खास महफिल देखने को मिलेगी। सीजन 5 का पहला एपिसोड 26 सितंबर की रात 8 बजे प्रसारित होगा।
शो के पहले एपिसोड में फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की स्टारकास्ट खास मेहमान के तौर पर पहुंचेगी। इस दौरान अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और जयदीप अहलावत के साथ फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक भी कपिल शर्मा के साथ बातचीत करते नजर आएंगे। फिल्म के आखिरी चैप्टर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से और पर्दे के पीछे की बातें भी शो में सामने आएंगी।
एपिसोड में जयदीप अहलावत और अजय देवगन के बीच एक खास संयोग का भी जिक्र होगा। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के आखिरी चैप्टर से जुड़े जयदीप ने अजय देवगन के साथ अपने जुड़ाव को उनकी पहली फिल्म ‘आक्रोश’ से जोड़ा। शो में इस पुराने फिल्मी कनेक्शन को लेकर भी बातचीत देखने को मिलेगी।
सीजन के पहले एपिसोड में कॉमेडी और मस्ती का रंग भी खूब नजर आएगा। जयदीप अहलावत ‘सोना और मोना 2.0’ के रूप में फिर साथ आई कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा की जोड़ी के साथ डांस करते दिखाई देंगे। वहीं सुनील ग्रोवर अपने खास अंदाज में अजय देवगन की नकल कर दर्शकों और मेहमानों को हंसाते नजर आएंगे।
अजय देवगन की दमदार वन-लाइनर्स की तारीफ करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू भी अपने अंदाज में प्रतिक्रिया देते नजर आएंगे। उन्होंने कहा, “बोलता नहीं, पर जब बोलता है जानदार, वजनदार।”
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के पांचवें सीजन में आगे भी मनोरंजन की पूरी खुराक देखने को मिलेगी। शो में ‘Vvan’ की स्टारकास्ट के अलावा तमन्ना भाटिया, सिद्धार्थ मल्होत्रा, श्वेता तिवारी, अनुप सोनी और मनीष पॉल जैसे सितारे नजर आएंगे। इसके साथ ही जाकिर खान, पंकज त्रिपाठी और क्रिकेट जगत के दिग्गज रवि शास्त्री तथा सुनील गावस्कर भी कपिल शर्मा के शो में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
कुल मिलाकर नए सीजन में फिल्म, कॉमेडी, संगीत और क्रिकेट जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरों के साथ दर्शकों के लिए अलग-अलग रंग की मनोरंजक महफिल सजने वाली है। ‘हंसी का त्यो-हा-हा-हार’ के साथ शो का नया सीजन 26 सितंबर से शुरू होगा।








