
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारों से गूंजा बाजार, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की उठी मांग
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। मतदाता अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर शनिवार की संध्या परबत्ता बाजार में सीपीएम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाल जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय से निकला प्रतिरोध मार्च बाजार के तोरण द्वार के समीप पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर नाराजगी जताई गई।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार की सुरक्षा सर्वोपरि है। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। नेताओं ने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को गांव से लेकर बूथ स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने का ऐलान
सीपीएम अंचल मंत्री नवीन चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद जनता का मत है। प्रत्येक मतदाता के वोट का समान महत्व है और उसके अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए, ताकि मतदाताओं का भरोसा बना रहे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए आंदोलन को व्यापक बनाने की बात कही।
वहीं, जिला सचिव मंडल सदस्य हरेराम चौधरी ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वोट की सुरक्षा लोकतंत्र की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर सीपीएम के नेता और कार्यकर्ता संयुक्त रूप से आवाज उठाते रहेंगे।
नेताओं ने बताया कि देशव्यापी आह्वान के तहत बिहार के सभी 534 प्रखंड मुख्यालयों, पंचायतों पर लगातार विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। परबत्ता में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। पुतला दहन के बाद नेताओं ने कहा कि मांगों पर ठोस पहल नहीं होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
मौके पर कामरेड सुबोध कुणाल, मंटु मिश्र, अरुण दास, विजय मंडल समेत महागठबंधन के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।


Khagaria News: परबत्ता में सीपीएम



