
बाल अधिकारों के संरक्षण और यौन शोषण से बचाव पर दी गई जानकारी, महेशखूंट थाना की एएसआई पूजा भारती ने छात्राओं को बताए सुरक्षा के उपाय
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया के निर्देशानुसार बाल अधिकारों के संरक्षण एवं यौन शोषण से बचाव को लेकर गोगरी स्थित नागेश्वर बृजवासिनी बालिका उच्च विद्यालय में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और किसी भी प्रकार के शोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान महेशखूंट थाना की एएसआई पूजा भारती ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों और यौन शोषण से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को किसी भी संदिग्ध या अनुचित व्यवहार के प्रति सतर्क रहने, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के तहत छात्राओं को सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार के बीच अंतर समझने, अपने अधिकारों को जानने तथा जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जागरूक बनाने में विद्यालय, परिवार एवं समाज की भूमिका पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक सिंह, वरीय शिक्षक दिलीप कुमार चौधरी, लिपिक उमेश कुमार रजक तथा शिक्षक आशीष कुमार, विनय कुमार, सचिन कुमार और गुड्डू कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। वहीं शिक्षिका नेहा कुमारी और अलका कुमारी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को संदेश दिया गया कि बाल अधिकारों की रक्षा और बच्चों को शोषण से सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, सतर्कता और समय पर उचित सहायता से बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका










