
Written by
गुरुदेव कुमार
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र मे गंगा की बाढ़ का पानी उतरते ही मुरादपुर सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आने लगी है। बाढ़ के दौरान सड़क पर पानी के साथ बहकर आई रेत की मोटी परत जम गई है। वहीं कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के दौरान सड़क पर पानी का तेज दबाव रहा, जिससे सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। पानी घटने के बाद अब क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। लोगों को आशंका है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो आवागमन और भी मुश्किल हो जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क से रेत हटाने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।









