
दो डीएसपी और तीन ओपी प्रभारी बदले, फिर भी न महिला की पहचान हुई, न हत्या के कारणों का खुलासा
खगड़िया। जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के मड़ैया थाना अंतर्गत बहरखाल बहियार में बीते वर्ष 28 जून 2025 को बोरी में बंद बरामद अज्ञात महिला के शव की गुत्थी करीब एक साल बाद भी नहीं सुलझ सकी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक न तो मृत महिला की पहचान हो पाई है और न ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सका है। ऐसे में यह मामला पुलिस जांच पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जाता है कि 28 जून 2025 को बहरखाल बहियार स्थित एक पोखर से बोरी में बंद महिला का शव बरामद हुआ था। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की थी। शुरुआती दौर में पुलिस ने महिला की पहचान और हत्या से जुड़े सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी।
घटना को एक साल बीतने के बावजूद मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। इस दौरान विभागीय स्तर पर अधिकारियों में भी बदलाव हुआ। दो डीएसपी का तबादला हो चुका है, जबकि तीन ओपी प्रभारी भी बदल गए। इसके बावजूद पुलिस के हाथ ऐसा कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं लगा, जिससे महिला की पहचान या हत्या की वजह सामने आ सके।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बोरी में बंद महिला कौन थी और उसकी हत्या क्यों की गई? महिला को कहां से लाकर बहरखाल बहियार के पोखर में फेंका गया, यह भी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों की पहचान नहीं होने के कारण मृतका की सामाजिक पहचान भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
एक साल बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में चर्चा है और पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना है कि पुलिस इस रहस्यमयी हत्याकांड से पर्दा कब तक उठा पाती है।
रिपोर्ट: गुरुदेव कुमार, दैनिक बिहार पत्रिका










