
सभी कोषांगों के कार्य एवं दायित्वों की हुई समीक्षा, नोडल पदाधिकारियों व कर्मियों को प्रशिक्षण देने का निर्देश
दैनिक बिहार पत्रिका। खगड़िया। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन 2026 को लेकर खगड़िया समाहरणालय में 28 सितंबर को गठित विभिन्न कोषांगों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, खगड़िया ने की। बैठक में निर्वाचन को लेकर गठित सभी कोषांगों के कार्य एवं दायित्वों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान संबंधित कोषांगों के पदाधिकारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली गई और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्वाचन से जुड़े कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी-सह-जिला शिक्षा पदाधिकारी, खगड़िया को निर्देश दिया कि सभी नोडल पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षण के माध्यम से निर्वाचन कार्य में शामिल पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके जिम्मे सौंपे गए कार्यों और जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ संचालित करने और सभी कोषांगों के बीच आवश्यक तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो और सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।






