खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत इंद्रानगर रूपोंहली गांव में गुरुवार की सुबह करीब छह बजे घर में झाड़ू लगाने के दौरान एक गर्भवती महिला को सर्प ने डंस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
मृतका की पहचान इंद्रानगर रूपोंहली निवासी स्व. शंभू रजक की 20 वर्षीय पुत्री सिंपी कुमारी के रूप में बताई गई है। बताया गया कि सिंपी कुमारी का विवाह बेगूसराय जिले के नयागांव हसपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर निवासी नरेश रजक के पुत्र अभिनीश रजक से हुआ था। वह वर्तमान में गर्भवती थी।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब छह बजे सिंपी कुमारी अपने घर में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान घर में मौजूद सर्प ने उसे डंस लिया। सर्पदंश के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए परबत्ता सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय कुमार विमल ने महिला का इलाज किया। चिकित्सक के अनुसार, उपचार के बावजूद उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया।
परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद सिंपी कुमारी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में मातम पसर गया। सर्पदंश से महज कुछ ही समय में गर्भवती महिला की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








