
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत परबत्ता स्थित उच्च विद्यालय कन्हैयाचक में शनिवार की रात करीब नौ बजे हथियारबंद चोरों ने धावा बोलकर विद्यालय का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
विद्यालय में तैनात प्रहरी सुधीर कुमार दास ने बताया कि नए भवन की ओर से करीब पांच लोग विद्यालय परिसर में पहुंचे। उन्होंने प्रहरी को धमकी देते हुए कहा कि हल्ला करने पर गोली मार देंगे। इसके बाद चोर विद्यालय के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और एक सेट कंप्यूटर, लाउडस्पीकर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
चोरों के जाने के बाद प्रहरी ने 112 नंबर और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस विद्यालय पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्रधानाध्यापक राजकमल ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। प्रहरी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए थाने में लिखित आवेदन देने के लिए भेजा गया है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रहरी द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। वहीं, बीईओ रजनीश कुमार ने बताया कि पुलिस और अधिकारी लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं।
थाना से कुछ ही दूरी पर विद्यालय में हथियारबंद चोरों द्वारा चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








