तैरना नहीं जानने के कारण हुआ हादसा, मुखिया प्रतिनिधि ने अस्पताल पहुंचाया; हालत खतरे से बाहर

गोगरी (खगड़िया)। बौरना गांव में सोमवार को बाढ़ का पानी देखने पहुंचे एक बच्चे के गहरे पानी में चले जाने से अफरातफरी मच गई। बताया गया कि बड़ी झीकटिया वार्ड संख्या नौ निवासी मो. अजहर का पुत्र अशर बौरना में पानी देखने आया था। इसी दौरान वह पानी में नहाने लगा। तैरना नहीं जानने के कारण वह गहरे पानी में चला गया।

बच्चे को डूबता देख बौरना के स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तत्काल पानी में उतरकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद मुखिया प्रतिनिधि मो. नासिर इकबाल बच्चे को अपने साथ लेकर इलाज के लिए गोगरी अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में उपचार के बाद फिलहाल बच्चे की स्थिति ठीक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर बच्चे के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बाढ़ के पानी में बच्चों के जाने पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका











