
पटना। लगातार हो रही बारिश और बाढ़ का असर अब सब्जियों की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। मंडियों में सब्जियों की आवक प्रभावित होने से हरी सब्जियों के साथ आलू-प्याज और मसाला वर्ग की सब्जियों के भाव भी बढ़ने लगे हैं। कारोबारियों के अनुसार करीब तीन माह पहले की तुलना में इस समय अधिकांश सब्जियां महंगी बिक रही हैं, जिससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।
वर्तमान में प्याज 280 रुपये प्रति पांच किलो तक पहुंच गया है। धनिया पत्ता 160 रुपये, शिमला मिर्च 100 रुपये, लाल आलू 90 रुपये प्रति पांच किलो, जबकि ओल और अदरक 80 रुपये किलो बिक रहे हैं।
परवल और बैंगन 60 रुपये किलो, लाल साग और हरी मिर्च 60 रुपये, बोरो 60 रुपये, चठैल 50 रुपये और मूली 50 रुपये किलो बिक रही है। कद्दू की कीमत करीब 50 रुपये प्रति पीस है। वहीं भिंडी, नेनुआ, टमाटर, बंदागोभी, खीरा और करैला करीब 40 रुपये किलो बिक रहे हैं। फूलगोभी भी करीब 40 रुपये प्रति पीस है। उजला आलू 70 रुपये प्रति पांच किलो के भाव पर मिल रहा है।
कारोबारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों से सब्जियों की तुड़ाई और मंडियों तक उनकी पहुंच प्रभावित हुई है। कई रास्तों में जलजमाव के कारण परिवहन लागत भी बढ़ गई है। इससे सब्जियों की कीमतों पर सीधा असर पड़ रहा है।
कारोबारियों के मुताबिक यदि बारिश का दौर आगे भी जारी रहा और खेतों से सब्जियों की आवक सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कीमतों में और उछाल आ सकता है। खासकर हरी सब्जियों के दाम मौसम और आवक पर काफी निर्भर हैं।


बारिश-बाढ़ से सब्जियों के दाम






