*स्थायी कार्यालय से कार्यकर्ताओं और आम लोगों को मिलेगी सहूलियत, महागठबंधन के नेताओं ने एकजुटता का किया आह्वान*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत मुख्यालय स्थित डाकघर परिसर के ठाकुर दास भवन में रविवार को कांग्रेस पार्टी के प्रखंड कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यालय खुलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर कांग्रेस, राजद और सीपीएम के नेताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अजय प्रसाद सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने गौरवशाली अतीत के सुनहरे दौर की ओर लौट रही है। देश में बदलाव की हवा चल रही है। ऐसे में पार्टी को फिर से जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझना होगा। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज बनने और संगठनात्मक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एक स्थायी कार्यालय की आवश्यकता थी, जो अब पूरी हो गई है।
कांग्रेस की प्रखंड उपाध्यक्ष प्रियंका रानी ने कहा कि कार्यालय व्यवस्थित होने से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों को भी काफी सहूलियत मिलेगी। लोग यहां आकर अपनी समस्याओं को रख सकेंगे और संगठन के माध्यम से उनके समाधान की दिशा में प्रयास किया जा सकेगा।
राजद नेता अखिलेश्वर दास ने कहा कि महागठबंधन के नेता पिछले दो दशकों से जनता के सवालों को लेकर संघर्ष करते आ रहे हैं। अब इस कार्यालय के माध्यम से आंदोलन और संगठन से जुड़े कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
वहीं, सीपीएम के अंचल मंत्री नवीन चौधरी ने कहा कि परबत्ता की धरती भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र और राज्य सरकारों की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलनों की साक्षी रही है। नया कार्यालय जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
इस मौके पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष प्रभाकर यादव, युवा नेता इंजीनियर राजा गुप्ता, पंकज यादव, सूरज प्रसाद यादव, अवनीश राय, फिरोज आलम, जयराम दास, श्यामलाल राम सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे।
*परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित दैनिक बिहार पत्रिका*





