खगड़िया। मुंगेर में आयोजित प्रमंडल स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में परबत्ता प्रखंड के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। मध्य विद्यालय थेभाय के कक्षा आठ के दो सगे भाइयों केशव कुमार और अभ्यानंद कुमार ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बापू मध्य विद्यालय बलुआही के छात्र शिवम कुमार ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया।
तीनों छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों के बीच मेहनत, लगन और अभ्यास के दम पर सफलता हासिल करने वाले इन प्रतिभाशाली छात्रों ने साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है।
प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अब तीनों छात्र राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे। राज्य स्तर पर चयनित होकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने से छात्रों का उत्साह बढ़ा है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि तीनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर खगड़िया जिले और परबत्ता प्रखंड का नाम रोशन करेंगे। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
*परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार दैनिक बिहार पत्रिका*





