
आनंदपुर में फंदे से लटकता मिला 21 वर्षीय विवाहिता का शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; तीन साल की बच्ची के सिर से उठा मां का साया
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- आनंदपुर थाना क्षेत्र के जतवारा गांव में मंगलवार की रात 21 वर्षीय विवाहिता सिंधु कुमारी का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका की तीन वर्षीय मासूम बेटी बिट्टू कुमारी के सिर से मां का साया उठ गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंधु कुमारी, पति हूरो ठाकुर, मंगलवार की रात अपने ही घर में साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के पति हूरो ठाकुर कोलकाता में रहते हैं। हालांकि, घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने आनंदपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनोद कुमार, अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए।मृतका की मां प्यारी देवी, पिता स्वर्गीय भीम ठाकुर तथा अन्य परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका का मायका भोरसार के बेहराटील्हा में बताया गया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इधर, पंचायत के उपमुखिया सुजीत कुमार रमानी शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









