Bihar Weather News: बिहार में कल से प्री-मानसून बारिश, लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

Bihar Weather News, पटना। पटना सहित प्रदेश में दूसरी बार सोमवार से प्री-मानसून की बारिश होगी। इस दौरान तेज आंधी के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार है। राडार और उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों व विश्लेषण के अनुसार प्रदेश में नमी युक्त पुरवा हवा का प्रवाह बढ़ने से अधिकतर भागों में 6 से 11 मई के बीच बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान 10 से 50 मिलीमीटर के बीच बारिश हो सकती है। वहीं सतही हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। इस दौरान मेघगर्जन व वज्रपात होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। मालूम हो कि सूबे में प्री-मानसून की पहली बारिश 23 मार्च के आसपास हुई थी।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तर बिहार से नमी युक्त पुरवा राज्य में प्रवेश की। इसका प्रभाव दो-तीन दिनों के दौरान पूरे राज्य में दिखेगा। फिलहाल दक्षिण बिहार में उत्तर-पछुआ हवा का प्रवाह जारी हैं। प्रदेश में अप्रैल से ही लगातार उत्तर-पछुआ का प्रवाह हो रहा है।

लू से मिलेगी राहत

प्री-मानसून के दौरान वर्टिकल क्लाउड बनने से तेज हवा के साथ कम समय में अधिक बारिश होती है। बारिश वहीं पर होगी, जहां बादल बनेंगे। जिन जगहों पर बारिश होगी, वहां गर्मी से राहत मिलेगी। पर जिन जगहों पर बारिश नहीं होगी, वहां के लोगों को तापमान में कमी रहने के बावजूद नमी युक्त पुरवा के कारण उमस भरी गर्मी का एहसास होगा।

लोगों के लिए चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने किसान और आम लोगों के लिए चेतावनी भी जारी की है। किसान कटे हुए फसलों की सुरक्षित स्थानों पर भंडारण की व्यवस्था कर लें। वज्रपात से जान-माल एवं पशुओं के हानि होने की आशंका है। आंधी एवं वज्रपात से खड़ी फसलों एवं फलदार वृक्षों के साथ ही झुग्गी-झोपड़ी, टीन व कच्चे मकानों को नुकसान हो सकता है। बिजली चमकने पर पक्के घरों में शरण लें।

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083573
Users Today : 20
Users Yesterday : 24