*भरतखंड हाई स्कूल के समीप सरकारी स्टेट बोरिंग का जीर्णोद्धार कराने की किसानों ने उठाई मांग*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के सौढ़ दक्षिणी पंचायत अंतर्गत भरतखंड हाई स्कूल के समीप महेशखूंट-नारायणपुर 14 नंबर सड़क किनारे स्थित सरकारी स्टेट बोरिंग वर्षों से बेकार पड़ा हुआ है। सरकारी राशि से स्थापित इस बोरिंग का लाभ आज किसानों को नहीं मिल पा रहा है। विडंबना यह है कि किसानों को जब खेतों में सिंचाई के लिए पानी की सबसे अधिक जरूरत होती है, उस समय भी यह बोरिंग उनके किसी काम नहीं आता। इसके कारण किसानों को निजी संसाधनों और अन्य वैकल्पिक साधनों के सहारे किसी तरह अपनी फसलों की सिंचाई करनी पड़ती है।
किसानों का कहना है कि खेती-किसानी पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रही है। कभी यूरिया और खाद के लिए किसानों को परेशान होना पड़ता है, तो कभी समय पर बीज उपलब्ध नहीं हो पाता। वहीं, पैसे की व्यवस्था रहने के बावजूद जरूरत के समय खाद और बीज नहीं मिलना किसानों की परेशानी बढ़ा देता है। ऐसे में सरकारी सिंचाई व्यवस्था का वर्षों से ठप रहना किसानों के लिए एक और बड़ी समस्या बन गया है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर इस सरकारी स्टेट बोरिंग की बदहाली पर अब तक किसी जनप्रतिनिधि या संबंधित अधिकारी की नजर क्यों नहीं पड़ी? क्या सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल संसाधन स्थापित करना है या उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी जिम्मेदारी है?
सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों और स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर विधायक और सांसद तक से इस समस्या पर आवाज उठाने की अपील की है। उनकी मांग है कि स्टेट बोरिंग का जल्द जीर्णोद्धार कर उसे चालू कराया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके और खेती को राहत मिले। लोगों का कहना है कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष के हित में नहीं, बल्कि पूरे किसान समाज के हित में है।



