25 किसान डूबने से बचे, चार साल से पुल अधूरा – ग्रामीणों ने उठाई सवाल
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। बुधवार को खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड में उस समय हड़कंप मच गया जब किसानों से भरी एक नाव गंगा की उपधारा में पलट गई। नाव में सवार सभी 25 किसान बाल-बाल बच गए। यह हादसा कबेला पंचायत के जागृति टोला से दियारा क्षेत्र में पशु चारा लाकर लौटते समय हुआ। संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई, लेकिन किसानों की सूझ-बूझ से सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव जैसे ही गंगा की उपधारा के बीच पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। कुछ किसान नाव के नीचे चले गए थे, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि दियारा क्षेत्र से सीधे संपर्क के लिए सरकार द्वारा करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2021-22 में एक पुल का निर्माण कराया गया था। यह पुल जागृति टोला को गोगरी प्रखंड के कटघरा, आश्रम और झौआ बहियार गांवों से जोड़ता है। लेकिन ग्रामीण कार्य विभाग की लापरवाही के कारण इस पुल के दोनों ओर एप्रोच पथ आज तक नहीं बनाया गया। नतीजतन यह पुल चार वर्षों से बेकार पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एप्रोच पथ बन जाता तो उन्हें रोज़ जान जोखिम में डालकर नाव से गंगा पार नहीं करनी पड़ती। क्षेत्र की करीब 2000 की आबादी आज भी आवागमन के लिए नाव पर निर्भर है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द एप्रोच पथ का निर्माण कराकर पुल को उपयोग में लाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 33
Users Yesterday : 199