
खगड़िया। जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार जिले में बाढ़ से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष पहल की जा रही है। बाढ़ राहत आश्रय शिविरों में शरण लिए हुए बच्चों के बीच नियमित रूप से पोषक आहार के रूप में दूध का वितरण कराया जा रहा है।
जिले के विभिन्न बाढ़ राहत आश्रय शिविरों, यथा मध्य विद्यालय उसरी, गोगरी, डुमरिया खुर्द सहित अन्य शिविरों में रह रहे विस्थापित परिवारों के बच्चों को दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। संबंधित आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं राहत कर्मियों की देखरेख में बच्चों के बीच दूध का वितरण सुचारू रूप से किया जा रहा है।
बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में परिवारों को अपने घरों से सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। ऐसे में बच्चों के नियमित खान-पान और पोषण को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। राहत शिविरों में बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बाढ़ की विषम परिस्थितियों में भी उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
दूध वितरण के दौरान संबंधित कर्मियों द्वारा बच्चों तक पोषक आहार पहुंचाने के साथ ही उनकी आवश्यकताओं पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य राहत शिविरों में रह रहे बच्चों को सुरक्षित वातावरण के साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है।
बाढ़ की विभीषिका के बीच बच्चों के लिए नियमित दूध की व्यवस्था से विस्थापित परिवारों को भी राहत मिल रही है। प्रशासनिक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है।








