
गोगरी (खगड़िया)। दैनिक बिहार पत्रिका।
महिला एवं बाल विकास निगम, खगड़िया के तत्वावधान में शुक्रवार को गोगरी प्रखंड अंतर्गत बोरना पंचायत के वार्ड नंबर 7, 8, 9 एवं 10 में महिलाओं और किशोरियों के लिए स्वच्छता प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाढ़ की स्थिति के बीच आयोजित इस अभियान के दौरान प्रभावित महिलाओं एवं किशोरियों के बीच नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया।

अभियान का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में महिलाओं और किशोरियों के बीच व्यक्तिगत स्वच्छता एवं माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को बनाए रखना तथा सुरक्षित स्वच्छता व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। निगम की टीम ने ग्रामीणों, महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान टीम ने माहवारी के समय पुराने अथवा असुरक्षित कपड़े के इस्तेमाल से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों के बारे में बताया। महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन के लिए सेनेटरी पैड के उपयोग की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों में झिझक दूर कर माहवारी से जुड़ी स्वच्छता को लेकर व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने पर भी जोर दिया गया। खासकर बाढ़ जैसी आपदा के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए सुरक्षित स्वच्छता आदतों को अपनाने की अपील की गई।
महिला एवं बाल विकास निगम की टीम ने स्थानीय प्रतिनिधियों के सहयोग से महिलाओं को स्वच्छता से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं एवं किशोरियां मौजूद रहीं।










