
खगड़िया। मारवाड़ी युवा मंच के तत्वावधान में अग्रसेन भवन में रविवार को दिव्यांगजनों की सहायता के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने फीता काटकर किया।इस दौरान दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के लिए ट्राईसाइकिल,
व्हीलचेयर,स्टिक,कानकी मशीन सहित विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की पहल की गई।कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और आवश्यक उपकरण प्राप्त करने के लिए अपना पंजीकरण कराया।विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं।

जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध होने से उन्हें दैनिक जीवन में काफी सुविधा मिलेगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।उन्होंने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच की ओर से इस अभियान के तहत 25 दिव्यांगजनों के लिए ट्राईसाइकिल,25 लोगों के लिए व्हीलचेयर,40 लोगों के लिए स्टिक तथा 40 लोगों के लिए कान की मशीन उपलब्ध कराने के लिए पंजीकरण किया गया है।इसके अलावा 80 दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए भी आवेदन लिया गया है।

विधायक ने बताया कि पंजीकरण के बाद सभी आवेदनों एवं जरूरतों की जांच चिकित्सकों की टीम द्वारा की जाएगी।चिकित्सकीय जांच के बाद पात्र लाभार्थियों के लिए आवश्यक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को चिकित्सकीय जांच एवं प्रक्रिया पूरी होने के बाद कृत्रिम अंग प्रदान करने का कार्य किया जाएगा।
जरूरतमंदों की सहायता के लिए सामूहिक पहल
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संस्थाओं को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सहायता प्रदान करना नहीं,बल्कि उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर देना भी है।उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच की पूरी टीम को इस सामाजिक एवं मानवीय पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के लिए किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है।उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक लाभार्थी की जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।चिकित्सकीय जांच के बाद संबंधित दिव्यांगजन के लिए उपयुक्त कृत्रिम अंग या सहायक उपकरण का चयन किया जाएगा, ताकि उन्हें उसका अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष नवीन गोयनका,सुजीत बजाज,प्रशांत खंडेलिया,रोशन तुलस्यान,सार्थक बजाज,केशव चमड़िया,कृष्ण बंका, कैलाश खेड़िया सहित मंच के अन्य सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।आयोजकों ने बताया कि दिव्यांगजनों की सुविधा और उनके जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम में पहुंचे दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार जताया।अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सेवा,सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देखने को मिला।










