
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका। चांदन थाना क्षेत्र के शेखपुरा टांड़ निवासी प्रवीण दास, पिता हुकुम दास, को मद्यनिषेध विभाग की टीम द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद परिजनों को तत्काल जानकारी नहीं मिलने से वे काफी देर तक चिंतित रहे। मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार टोटो चालक अजीत कुमार, पिता गोविंद दास,और प्रवीण दास पिता हुकुम दास दोनों टोटो से लाहाबन के रास्ते परिजन को लाने सिमुलतला स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान आनंदपुर थाना क्षेत्र के गोवरदाहा मोड़, टेलवा-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर तैनात कटोरिया मद्यनिषेध टीम ने टोटो को रोक लिया। टीम द्वारा प्रवीण दास को हिरासत में लेने के साथ उसका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया गया।घटना के बाद टोटो चालक अजीत कुमार ने इसकी जानकारी प्रवीण दास के परिजनों को दी। परिजनों ने जब प्रवीण के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार को दी।
थानाध्यक्ष की पहल से मिला युवक का पता
मामले की जानकारी मिलने के बाद आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जानकारी जुटाई। करीब ढाई घंटे बाद परिजनों को पता चला कि मद्यनिषेध विभाग की टीम ने शराब पीने के संदेह में प्रवीण दास को हिरासत में लिया है।प्रवीण दास का कहना है कि उन्होंने शराब नहीं पी थी और उनका कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें करीब ढाई घंटे तक परिजनों को सूचना दिए बिना हिरासत में रखा और मोबाइल जप्त कर लिया गया। बाद में उन्हें चांदन थाना क्षेत्र स्थित मद्यनिषेध चेक पोस्ट करूवापत्थर लाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया।
मद्यनिषेध विभाग ने बताया—ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब की पुष्टि नहीं
इस संबंध में मद्यनिषेध विभाग के प्रभारी जीवेश कुमार ने बताया कि गश्ती टीम ने शराब पीने के संदेह में प्रवीण दास को हिरासत में लेकर दर्दमारा मद्यनिषेध चेक पोस्ट करूवापत्थर लाया था। वहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उसकी जांच की गई। जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। इधर, शेखपुरा टांड़ निवासी समाजसेवी गोविंद दास,पीड़ित हुकुम दास सहित अन्य ग्रामीणों ने मामले को लेकर नाराजगी जताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी व्यक्ति को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया जाता है तो उसके परिजनों को भी इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। प्रवीण दास ने कहा कि वह पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार को आवेदन देंगे और मद्यनिषेध विभाग की कार्रवाई की जांच की मांग करेंगे।वहीं, घटना के दौरान युवक का पता लगाने में पहल करने के लिए प्रवीण दास के परिजनों ने आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार के प्रति आभार जताया।










