
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन में मंगलवार को चिकित्सा पदाधिकारी रजनीश कुमार के नेतृत्व में दिव्यांग जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिला मेडिकल टीम की देखरेख में चांदन के 127 तथा कटोरिया के 42, कुल 169 दिव्यांगजनों की जांच की गई।शिविर में बांका के चिकित्सक डॉ. कपूर, संसाधन शिक्षक बप्पा मांझी समेत जिला मेडिकल टीम के चिकित्सकों एवं कर्मियों ने दिव्यांगजनों की जांच की। आधुनिक उपकरणों की सहायता से विशेष रूप से मुख-बधिर दिव्यांगजनों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।डॉ. कपूर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों की स्थिति का चिकित्सकीय आकलन कर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है। जांच के दौरान दिव्यांगता की स्थिति के आधार पर पात्र लोगों को चिन्हित किया गया। उन्होंने बताया कि 30 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले पात्र लोगों को सरकारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत हो।वहीं, जिन दिव्यांगजनों की जांच मंगलवार को आयोजित शिविर में नहीं हो सकी, उन्हें जानकारी दी गई कि बांका सदर अस्पताल में प्रत्येक मंगलवार को दिव्यांग जांच शिविर आयोजित किया जाता है। ऐसे दिव्यांगजन आवश्यक कागजात के साथ सदर अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच करा सकते हैं तथा दिव्यांगता प्रमाणपत्र से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।शिविर को सफल बनाने में संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा स्वास्थ्य प्रबंधक परशुराम सिंह, चांदन, स्वास्थ्य प्रबंधक अमरेश कुमार, कटोरिया समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने सहयोग किया।









