
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- देवघर में मेला देखने गए चांदन प्रखंड के गोडियारी गांव निवासी 27 वर्षीय रोशन यादव की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नागेश्वर यादव के बड़े पुत्र रोशन यादव सोमवार की रात मेला देखने देवघर गए थे। इसी दौरान रंग मोड़ के समीप उनके घायल होने की सूचना मिली। शुरुआत में घटना को सड़क हादसा बताया गया, लेकिन देवघर सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान गोली लगने की बात सामने आई। गोली उनकी कनपटी में लगी थी।चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से मां गीत देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद यादव सहित अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताया।देवघर टाउन थाना एवं बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान की जा सके। घटना के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। इसे सुनियोजित वारदात बताए जाने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इधर, चांदन थाना पुलिस भी मामले पर नजर बनाए हुए है। चांदन थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि इस तरह की घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं आई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि रोशन यादव बीए की पढ़ाई कर रहे थे और दो भाइयों में बड़े थे। उनकी मौत से गोडियारी गांव में शोक की लहर है। दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर दुख और चिंता का माहौल बना हुआ है.










