
मंदिर में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, सीएम के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था की जिला प्रशासन ने संभाली कमान
बांका। प्रसिद्ध ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां तेलडीहा मंदिर मंगलवार को विशेष धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ मां तेलडीहा की पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान उन्होंने राज्य में सुख, शांति और समृद्धि के साथ निरंतर प्रगति की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बांका जिला प्रशासन पहले से ही पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार स्वयं मंदिर परिसर में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए।
मंदिर परिसर से कारकेड रूट तक अधिकारियों की नजर
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, मुख्यमंत्री के कारकेड रूट और सुरक्षा घेरे का स्वयं निरीक्षण किया। मौके पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को भी प्राथमिकता देने पर

जोर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास द्वारों तथा प्रमुख संपर्क मार्गों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए अधिकारियों की लगातार निगरानी बनी रही।
श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान आम श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित बैरिकेडिंग के साथ पार्किंग और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रशासनिक तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित तरीके से संचालित किया गया। सुरक्षा और सुविधा के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर लगातार सक्रिय रहे।


BANKA NEWS: मां तेलडीहा के








