*डुमरिया खुर्द गांव के पास रविवार देर शाम हुआ हादसा, दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय किया गया रेफर*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत अगुवानी एवं जमालपुर जीएन बांध के बीच रविवार देर शाम करीब सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डुमरिया खुर्द गांव के समीप सड़क किनारे लगे पेड़ से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार तीन लोगों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान डुमरिया खुर्द गांव निवासी अरुण राय के 42 वर्षीय पुत्र प्रेम प्रकाश उर्फ कारे राय के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान नया गांव निवासी मनीष कुमार के 35 वर्षीय पुत्र गोपाल कुमार तथा बच्चा सिंह के 40 वर्षीय पुत्र मुकुंज कुमार के रूप में बताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक ने प्रेम प्रकाश राय को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना को लेकर परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद डुमरिया खुर्द गांव में शोक का माहौल है। एक व्यक्ति की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार *


अगुवानी-जमालपुर जीएन बांध पर पेड़









