
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय में जिलास्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों, जन शिकायतों, न्यायालयीन वादों और विभागों के बीच समन्वय की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने और जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया।

बैठक में जन समाधान कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 19 जनवरी से 20 नवंबर 2026 तक कुल 1,088 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 883 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 205 आवेदन अभी लंबित हैं। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। न्यायालयीन मामलों की समीक्षा में 20 नवंबर तक 22 CWJC और 7 MJC मामले लंबित पाए गए। संबंधित पदाधिकारियों को इन मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला स्तरीय कार्यक्रमों से पहले संबंधित विभाग सभी तैयारियां पूरी करें। कार्यक्रम स्थल, लाभार्थियों के बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। जांच दलों को भी समय पर अपना प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया। पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभ के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने तथा मार्च तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की सूची अद्यतन रखने को कहा गया। सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को कर्मियों का वेतन समय पर भुगतान करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कार्यालयों, प्रखंडों, नगर निकायों और पंचायतों में बायोमेट्रिक उपस्थिति की स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई। कार्यालयों की साफ-सफाई, रखरखाव और रंग-रोगन कार्यों की निगरानी करने तथा सौंदर्यीकरण से पहले और बाद की तस्वीरें उपलब्ध कराने को कहा गया। सभी लिपिकों का टाइपिंग टेस्ट शीघ्र पूरा कराने का निर्देश स्थापना उप समाहर्ता को दिया गया।
नीलाम पत्र मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह दो दिन न्यायालय संचालित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा कराने और प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा मित्रों और गोताखोरों के लंबित भुगतान का भी शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
बाल संरक्षण के तहत पात्र बच्चों को परवरिश योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने, उनके बैंक खाते खुलवाने तथा आधार और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का निर्देश दिया गया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस को कम से कम 500 आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए स्थल चिह्नित कर अंतिम रूप देने को कहा गया। सभी मॉडल स्कूलों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने, जर्जर विद्यालय भवनों की जांच और विद्यालयों में स्नेह समिति के गठन से संबंधित रिपोर्ट भी मांगी गई।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए विद्युत विभाग को निगरानी बढ़ाने तथा राशन कार्ड निर्माण की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। पीएम गति शक्ति पोर्टल पर जिले के सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विभिन्न विभागों की सड़कों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराने को भी कहा गया।
बैठक में मुरादपुर सड़क, मानसी तटबंध, प्रस्तावित एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी, रेलवे आरओबी और एकीकृत मत्स्य औद्योगिक पार्क से जुड़े प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त निष्क्रिय संचिकाओं के निस्तारण, रिकॉर्ड रूम के लिए स्थान, कॉम्पैक्टर की आवश्यकता, अनुपयोगी कागजात एवं फर्नीचर के निपटारे और लंबित निरीक्षण प्रतिवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रेया श्री, अपर समाहर्ता पुष्पेश कुमार, दोनों अनुमंडलों के पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।



