*विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर की सुख-समृद्धि की कामना*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध अगुवानी गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। अहले सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। विभिन्न गांवों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बुजुर्ग श्रद्धालु अगुवानी गंगा घाट पहुंचे और गंगा की पवित्र धारा में आस्था की डुबकी लगाई।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के तहत श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गंगा घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। स्नान के बाद लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान किए और जरूरतमंदों को दान-पुण्य भी किया।
इस दौरान गंगा घाट का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के चेहरे पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर अगुवानी गंगा घाट पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और गंगा के प्रति लोगों की श्रद्धा को प्रदर्शित किया।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार पंडित।



