खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के भरतखंड थाना अंतर्गत शनिवार को अगुवानी और नारायणपुर के बीच भरसो बंध बनकट्टा के समीप शनिवार को दो टोटो की आमने-सामने टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि टोटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के नारायणपुर निवासी मांगन रजक के पुत्र सौरभ कुमार (22) के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक टोटो नारायणपुर की ओर से आ रही थी, जबकि दूसरी सलारपुर चौक की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान भरसो बंध बनकट्टा मोड़ के समीप दोनों टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों टोटो में सवार लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सौरभ टोटो चालक का साथी था और उसी के साथ आया था।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को मदद पहुंचाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तथा भरतखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।
वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार पंडित।



