
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के तहत बुनियाद केंद्र में हुआ वितरण, डीएम ने कहा—शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने में मिलेगी सहायता

खगड़िया। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के तहत गुरुवार को बुनियाद केंद्र, खगड़िया से जिले के 15 पात्र दिव्यांग लाभुकों के बीच बैट्री चालित ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। बैट्री चालित ट्राइसाइकिल का वितरण जिला पदाधिकारी विक्रम विरकर एवं खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बैट्री चालित ट्राइसाइकिल दिव्यांग लाभुकों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने में भी सहायक होगी। इससे लाभुकों की गतिशीलता बढ़ेगी और वे अपने दैनिक कार्यों को अधिक स्वतंत्रता के साथ संपादित कर सकेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की ओर से समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने ट्राइसाइकिल प्राप्त करने वाले सभी लाभुकों को योजना का लाभ मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों समेत विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभुकों की पहचान और चयन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। पात्र लाभुकों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसके लिए संबंधित विभागों को पूरी गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया सदर धनंजय कुमार, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग नेहा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी खगड़िया सदर एवं अंचलाधिकारी खगड़िया सदर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्राप्त करने वाले दिव्यांग लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। लाभुकों ने कहा कि इस सुविधा से उनके लिए आवागमन काफी आसान होगा। वे शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पहले की अपेक्षा अधिक स्वतंत्रता के साथ आवागमन कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल से दिव्यांग लाभुकों को न केवल आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में भी सहायता मिलने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही गई।










