
दैनिक बिहार पत्रिका। खगड़िया। जिले में जलजमाव की समस्या, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्यालयों की आपदा संबंधी तैयारियों तथा आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के कक्ष में अपराह्न 4:30 बजे हुई बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर निकाय क्षेत्रों में जलजमाव वाले स्थलों पर नियमित सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। सफाई कार्यों के लिए पर्याप्त एवं समर्पित मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को ध्यान में रखते हुए खेल मैदानों की साफ-सफाई, समतलीकरण और आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया। जरूरत के अनुसार मैदानों में पानी का छिड़काव कराने तथा मोबाइल शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में BUIDCO द्वारा नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करने को कहा गया। किसी योजना में अनियमितता की शिकायत या स्थिति सामने आने पर संबंधित वरीय पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
शहर में जाम की समस्या को लेकर बस स्टैंड, राजेंद्र सरोवर सहित अन्य प्रमुख स्थलों की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। अस्थायी अतिक्रमण, सड़कों पर बालू-गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखने, फुटपाथ पर अनधिकृत दुकानें लगाने तथा सड़क के ब्लैक टॉप पर वाहनों की पार्किंग से उत्पन्न समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
फुटपाथी विक्रेताओं को व्यवस्थित करने के लिए टाउन वेंडिंग कमेटी के माध्यम से निर्धारित स्थानों की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। साथ ही ई-रिक्शा एवं दुकानों के संचालन को व्यवस्थित करने तथा सड़क किनारे उपलब्ध स्थान का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। शहर की प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा संवेदनशील स्थलों की पहचान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक सुविधाओं और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।


Khagaria News: जलजमाव, स्वच्छता, यातायात






