
पुलिस को गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई; सन्नी यादव की गिरफ्तारी के लिए घर पर छापेमारी जारी
रजौन/बांका:- रजौन थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में अवैध हथियार रखने की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को छापेमारी कर एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बरामद हथियार और कारतूस को विधिवत जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दयालपुर गांव में सन्नी यादव, पिता बिलास यादव के बांस के पास अवैध हथियार रखा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक अवैध हथियार रखने के आरोप में सन्नी यादव की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों की जांच के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सन्नी यादव के खिलाफ पूर्व में भी रजौन थाने में मामले दर्ज हैं। इनमें बालू चोरी तथा पुलिस पर हमला करने के आरोपों से संबंधित कांड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रजौन थाना कांड संख्या 524/23, दिनांक 11 अक्टूबर 2023 में भारतीय दंड विधान की धारा 379/411 एवं खनन अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इसी तरह रजौन थाना कांड संख्या 330/22, दिनांक 9 जुलाई 2022 में धारा 147, 148, 149, 323, 186, 332, 333, 353, 504, 506 भारतीय दंड विधान तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है। इसके अलावा रजौन थाना कांड संख्या 327/22, दिनांक 7 जुलाई 2022 और कांड संख्या 331/22, दिनांक 9 जुलाई 2022 में भी बालू चोरी से संबंधित धाराओं और खनन अधिनियम के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गुरुवार की कार्रवाई में रजौन थाना पुलिस की टीम में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अभय शंकर, पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार, पीटीसी प्रभात कुमार, सिपाही 1066 संदीप कुमार और सिपाही 1072 अभिषेक कुमार शामिल थे। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, नामजद व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज पुराने मामलों और वर्तमान बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।









