
बौंसी/बांका। बौंसी नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। नगर पंचायत के थाड़ीमहुआ गांव में गुरुवार को पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल भारती ने फीता काटकर निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बताया गया कि प्रस्तावित सड़क का निर्माण विनोद लैय्या के घर से अनवारूल के घर तक कराया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से कच्चे रास्ते के कारण ग्रामीणों को होने वाली परेशानी भी दूर होगी। उद्घाटन के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल भारती ने नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कनीय अभियंता अनिल कुमार के साथ नगर पंचायत के वार्ड संख्या 01, 02 और 14 में चल रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता से संबंधित

बिंदुओं की जानकारी ली गई। इस दौरान वार्ड-02 के पार्षद प्रतिनिधि सलमान अहमद, वार्ड-03 के पार्षद दीपक रजक तथा वार्ड-12 के प्रतिनिधि सूरज कुमार सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अब्दुल हन्नान, नरेश राय, शहरोज आलम, इजहार आलम, अमरेश कुमार, जीशान अहमद, मणिकांत राय और विनोद लैय्या समेत कई ग्रामीण शामिल हुए। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क बनने से बरसात के दिनों में होने वाली आवाजाही की परेशानी कम होगी और गांव के लोगों को मुख्य मार्ग तक आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। वहीं, ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा। लोगों का कहना है कि सड़क के साथ क्षेत्र में नाला निर्माण होने से जलनिकासी की समस्या का भी समाधान हो सकेगा। नगर पंचायत क्षेत्र में एक साथ सड़क और नाला निर्माण कार्यों के निरीक्षण से विकास कार्यों की निगरानी को लेकर भी स्थानीय लोगों में सकारात्मक संदेश गया है। थाड़ीमहुआ में शुरू हुआ यह पीसीसी सड़क निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए सिर्फ एक रास्ता नहीं, बल्कि बेहतर आवागमन और मजबूत बुनियादी सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










