
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- श्री श्री 108 दुर्गा मंदिर एवं पांडेयडीह काली मंदिर की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आने की प्रार्थना करते हुए अपने-अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। श्री श्री 108 दुर्गा मंदिर चांदन की प्रतिमा का विसर्जन चांदन पूर्णबांध तालाब में किया गया, जबकि पांडेयडीह काली मंदिर की प्रतिमा को बाबा बांध तालाब में विसर्जित किया गया। प्रतिमाओं को ट्रैक्टरों के माध्यम से विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। इस दौरान युवाओं की टोली देवी भक्ति गीतों की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमती नजर आई। मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।चांदन दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विक्रम दुबे, सचिव अशोक शर्मा तथा चांदन बाजार के सहयोगियों की सहभागिता से पूजा एवं मेला का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने मां की अंतिम आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही दुर्गापूजा के आयोजन का समापन हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन
प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार विसर्जन के दौरान अधिकारियों से पल-पल की जानकारी लेते रहे।विभागीय निर्देशानुसार चांदन थानाध्यक्ष रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की टीम प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रही। प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की निगरानी के बीच दोनों प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।


CHANDAN NEWS: श्री श्री 108








