
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- कटोरिया प्रखंड के भोरसार भेलवा पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता कमलकान्त कुमार ने बिहार के पंचायती राज मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर पंचायत के 40 गांवों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने गांवों में स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, ग्रामीण सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए इनके समाधान की मांग की। कमलकान्त कुमार ने कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं में सुधार करने तथा पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग भी रखी। मुलाकात के दौरान ग्रामीण सड़क सहित एक योजना से संबंधित जानकारी लेने के लिए मंत्री ने संबंधित अधिकारी से फोन पर बात कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मंत्री की इस पहल पर कमलकान्त कुमार ने उम्मीद जताई कि पंचायत की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में जल्द पहल होगी। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में शिक्षा मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर पंचायत की शैक्षणिक समस्याओं से भी अवगत कराएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। कमलकान्त कुमार ने कहा कि पंचायत के विकास को लेकर वे पहले भी प्रयास करते रहे हैं। इसके पूर्व उन्होंने पंचायत के विकास से संबंधित समस्याओं और मांगों को लेकर सहयोग पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तक अपनी बात पहुंचाई थी। उनका उद्देश्य पंचायत के 40 गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।इस दौरान कमलकान्त कुमार ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के सुप्रीमो सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा से भी मुलाकात की। सांसद ने पंचायत की समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए पूछा कि उन्होंने मंत्री जी को इन समस्याओं से अवगत करा दिया है या नहीं। इस पर कमलकान्त कुमार ने पंचायत की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराने की बात कही।








