
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका। आनंदपुर थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार स्थित सिमुलतल्ला-कटोरिया मुख्य मार्ग के किनारे शिव मंदिर में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ली, जबकि सिक्कों को छोड़कर दीवार फांदकर फरार हो गए। वहीं, मंदिर में लगी घंटी को भी चोरी करने की नीयत से तोड़कर नीचे गिरा दिया गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे यह घटना हुई। मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे चढ़ावे के रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद आरोपी मंदिर की दीवार फांदकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर घटना की जानकारी सामने आई। दिनदहाड़े मंदिर में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।श्रद्धालु जिस मंदिर में आस्था के साथ चढ़ावा चढ़ाते हैं, उसी मंदिर में इस तरह की चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्य मार्ग के किनारे स्थित मंदिर में दोपहर के समय हुई इस वारदात को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है। लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि जब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? हालांकि, इस संबंध में आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। यदि आवेदन मिलता है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


CHANDAN NEWS: दिनदहाड़े शिव मंदिर






