*परबत्ता में सड़क हादसा, गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग सदर अस्पताल रेफर*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के महेशलेट मोड़ से उदयपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर करना स्थित बजरंगबली मंदिर के आगे मोड़ के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता लाया गया।
घायलों की पहचान कुल्हड़िया गांव निवासी भुजंगी तिवारी के 60 वर्षीय पुत्र आसो उर्फ अशोक तिवारी तथा उदयपुर गांव निवासी सुखदेव यादव के 65 वर्षीय पुत्र देवानंद यादव के रूप में हुई है।
घायल पक्ष के अनुसार, दोनों व्यक्ति सड़क किनारे रुककर खैनी खा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
इधर, सीएचसी परबत्ता में तैनात चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार किया गया। हालांकि, आसो उर्फ अशोक तिवारी की स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया रेफर कर दिया गया। वहीं, इस घटना के बाद सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता देखी जा रही है।
दैनिक बिहार पत्रिका संवाददाता गुरुदेव कुमार।







