
पटना। बदलते दौर में राजनीतिक संवाद का दायरा अब डिजिटल प्लेटफॉर्म तक तेजी से फैल रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार भाजपा ने अपने मीडिया विभाग और सोशल मीडिया-आईटी सेल की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में पहल की है। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के कैलाशपति मिश्र सभागार में मीडिया विभाग एवं सोशल मीडिया-आईटी सेल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन के डिजिटल प्रचार-प्रसार, जनसंवाद और समन्वित कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार संगठन के प्रभारी हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री एवं बिहार संगठन के सह प्रभारी रोहन गुप्ता तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
सोशल मीडिया को जनसंवाद का माध्यम बनाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इसके जरिए पार्टी की विचारधारा, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने मीडिया विभाग और सोशल मीडिया-आईटी सेल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को डिजिटल माध्यमों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ेगी संगठन की सक्रियता
बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर संगठन की उपस्थिति और सक्रियता को किस तरह और बेहतर बनाया जाए। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने, पार्टी के संदेश को व्यवस्थित तरीके से जनता तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही मीडिया विभाग और सोशल मीडिया-आईटी सेल के बीच आपसी तालमेल मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में समन्वित कार्यप्रणाली विकसित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को समयबद्ध तथा प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, भागलपुर, पूर्णिया एवं कोसी क्षेत्र के संगठक अनंत नारायण मिश्रा, मीडिया विभाग के प्रभारी सह विधायक मनोज शर्मा, मीडिया विभाग के संयोजक दानिश इकबाल, सह संयोजक अमित प्रकाश बबलू, सोशल मीडिया प्रभारी मनीष पांडेय, अनमोल शोभित और आईटी प्रमुख विकास मेहता सहित प्रदेश पदाधिकारी, मीडिया विभाग एवं सोशल मीडिया-आईटी सेल के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का प्रमुख संदेश स्पष्ट रहा कि संगठन की बात को जनता तक पहुंचाने के लिए पारंपरिक मीडिया के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी प्रभावी उपयोग जरूरी है। मीडिया और आईटी टीम के बेहतर समन्वय से संगठनात्मक गतिविधियों, जनहित के मुद्दों और योजनाओं से जुड़ी जानकारी को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की रणनीति पर मंथन किया गया।


BIHAR NEWS: डिजिटल मोर्चे पर









