खगड़िया/परबत्ता। सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। भरतखंड-बगुलवा ढाला के समीप इन दिनों प्रवासी पक्षियों का बड़ा झुंड देखा जा रहा है। आसमान में एक साथ उड़ते, झुंड बनाते और मधुर कलरव करते पक्षियों का दृश्य राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रहा है। सुबह और शाम के समय इन पक्षियों की चहचहाहट से आसपास का वातावरण और भी मनमोहक बन जाता है।
प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी इलाके में प्रकृति के खूबसूरत नजारे को जीवंत कर रही है। खुले आसमान में इनका सामूहिक उड़ान भरना और कुछ समय तक एक जगह मंडराना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ग्रामीण इलाकों में ऐसे दृश्य प्रकृति से जुड़ाव का एहसास कराते हैं और लोगों को कुछ पल ठहरकर प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अवसर देते हैं।
सर्दियों के मौसम में अनुकूल वातावरण और भोजन की तलाश में विभिन्न प्रजातियों के पक्षी लंबी दूरी तय कर दूसरे क्षेत्रों में पहुंचते हैं। भरतखंड-बगुलवा ढाला के आसपास दिख रहा पक्षियों का झुंड भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, पक्षियों की प्रजाति की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार पंडित।



