*परबत्ता सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जारी किया नोटिस, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चयनमुक्त करने की कार्रवाई की चेतावनी*
खगड़िया/परबत्ता। पल्स पोलियो अभियान में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने छह आशा कार्यकर्ताओं को शोकॉज जारी किया है। सभी संबंधित आशा कार्यकर्ताओं से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध चयनमुक्त करने की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
सीएचसी परबत्ता से जारी पत्रांक 1335, दिनांक 22 नवंबर 2026 के अनुसार, 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के तहत टीकाकर्मी दल में इन आशा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी आवंटित की गई थी। लेकिन अभियान के पहले दिन 22 नवंबर को वे अपने कर्तव्य पर उपस्थित नहीं हुईं। इसे विभाग ने गंभीरता से लेते हुए कार्य से अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है।
नोटिस पाने वाली आशा कार्यकर्ताओं में सरस्वती देवी (टीम नंबर 16), रेखा कुमारी (टीम नंबर 85), उषा मुंगाल (टीम नंबर 9), मुन्नी देवी (टीम नंबर 19), मुमताज बेगम (टीम नंबर 10) और मंजू कुमारी (टीम नंबर 119) शामिल हैं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने पत्र में उल्लेख किया है कि इस तरह की अनुपस्थिति सरकार के महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाने के प्रति अरुचि, मनमानापन एवं लापरवाही को दर्शाती है। नोटिस में संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे 24 घंटे के भीतर स्पष्ट करें कि किस परिस्थिति में उन्होंने पल्स पोलियो ड्यूटी की अनदेखी की।
विभाग ने चेतावनी दी है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं रहने पर चयनमुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। नोटिस की प्रतिलिपि सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति खगड़िया को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
इस कार्रवाई से पल्स पोलियो अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी और जवाबदेही को लेकर विभाग की सख्ती सामने आई है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार पंडित।



