रामविलास पासवान की 1998 की घोषणा अब होगी साकार, लोगों का सपना होगा पूरा
खगड़िया। 26 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद खगड़िया-अलौली रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन का संचालन अगले माह से शुरू होने की संभावना है। वर्ष 1998 में तत्कालीन रेल मंत्री रामविलास पासवान ने 162 करोड़ रुपये की लागत से कुशेश्वरस्थान-खगड़िया रेल परियोजना की घोषणा की थी। इस 44 किलोमीटर लंबी परियोजना के तहत अब तक 18.7 किलोमीटर खगड़िया से अलौली तक का ट्रैक और स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है।
रेल मंत्रालय के मुख्य संरक्षा आयुक्त ने हाल ही में इस रेलखंड का निरीक्षण किया और इलेक्ट्रिक ट्रेन के जरिए स्पीड ट्रायल भी किया गया। इसके बाद इस रूट पर पैसेंजर ट्रेन के संचालन की उम्मीदें तेज हो गई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के तहत कुल 7 रेलवे स्टेशन बनाए जाने हैं, जिनमें 5 खगड़िया जिले में, 2 दरभंगा जिले में और 1 समस्तीपुर जिले में बनाया जाना है।
खगड़िया से दरभंगा के बीच सीधा रेल संपर्क
खगड़िया और दरभंगा के बीच अब तक सीधा रेल संपर्क नहीं था, लेकिन इस परियोजना के पूरा होने से यह संभव हो सकेगा। इस परियोजना में कुल 9 बड़े पुल बनाए जाने थे, लेकिन अब तक केवल 4 पुल ही बन पाए हैं। पिछले वर्ष से खगड़िया-अलौली रेलखंड पर मालगाड़ियों का संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन पैसेंजर ट्रेन शुरू होने में 26 साल का वक्त लग गया।
अभी अलौली से कुशेश्वरस्थान तक ट्रैक बिछाने का कार्य जारी है। अगर निर्माण कार्य समय पर पूरा होता है तो भविष्य में इस रूट पर सीधे दरभंगा और खगड़िया के बीच रेल सेवा बहाल हो सकेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह रेल मार्ग उनके आवागमन और व्यवसाय को गति देगा।
26 साल बाद लोगों को मिलेगा रेल सफर का लाभ
रेलवे मंत्रालय के मुताबिक, अगले महीने तक खगड़िया-अलौली रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू किया जा सकता है। यह रेल सेवा क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत देगी, जो अब तक सड़क मार्ग से सफर करने को मजबूर थे।
अब देखना यह है कि यह परियोजना पूरी तरह कब तक साकार होती है और जनता को कितनी सुविधाएं मिलती हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com









Users Today : 21
Users Yesterday : 26