गोगरी। नगर परिषद गोगरी जमालपुर द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार और गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान शुरू होते ही फुटकर विक्रेताओं और ठेला चालकों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और फुटपाथ पर पसरी दुकानदारी को हटाने के निर्देश जारी किए गए।
अभियान का नेतृत्व कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी ने किया। उनके साथ स्वच्छता पदाधिकारी सुमन कुमार, सिटी मैनेजर रविकांत, जेई सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार, आजीविका मिशन से कुमार बिट्टू, सहायक टैक्स दरोगा मो. शौकत अली, तथा गोगरी थाना के सशस्त्र बल मौजूद रहे।
टीम ने जमालपुर बाजार में सघन जांच अभियान चलाकर सड़क किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। फुटपाथ पर लगी दुकानों, फल-सब्जी के ठेलों और अवैध रूप से लगाए गए शेड्स को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। अधिकारीयों ने साफ कहा कि सरकारी जमीन पर किसी प्रकार की दुकानदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई तय है।
दो दिनों तक चले इस अभियान में दर्जनों दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। नगर परिषद की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, जमालपुर बाजार में वर्षों से जाम की समस्या बनी हुई है, जिससे आम लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण हटाने से न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि बाजार का सौंदर्य भी बढ़ेगा।
वहीं, परिषद ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने दुकानों के आगे से फुटबोर्ड और अतिरिक्त ढांचे हटाएं, ताकि किसी प्रकार का अवरोध न हो। आने वाले दिनों में यदि फिर से अतिक्रमण पाया गया, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
—ब्यूरो रिपोर्ट : दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com









Users Today : 35
Users Yesterday : 42