सुल्तानगंज महिला हत्याकांड का खुलासा, तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बगीचे में हत्या कर बोरे में भरकर पीरबाबा के समीप फेंका था शव, पुलिस ने ई-रिक्शा व पांच मोबाइल किए बरामद

भागलपुर। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि 22 जून को सुल्तानगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मिरहट्टी गांव स्थित पीरबाबा के समीप एक बोरे में अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। गश्ती पदाधिकारी के लिखित आवेदन पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतका की पहचान तेतरी देवी, पति बंटी तांती, निवासी मोहम्मदपुर, थाना मधुसूदनपुर (भागलपुर) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

सिटी एसपी ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अजय कुमार चौरसिया उर्फ अजय मोदी, अर्जुन यादव और मंतोष कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा तथा पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महिला की हत्या मिर्जा गांव स्थित अजय कुमार चौरसिया के बगीचे में की गई थी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर ई-रिक्शा से ले जाकर मिरहट्टी गांव के पास पीरबाबा के समीप फेंक दिया गया था, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों, घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट: अभिषेक अग्रवाल, दैनिक बिहार पत्रिका

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083559
Users Today : 6
Users Yesterday : 24