सवाई माधोपुर (राजस्थान)। रणथंभौर टाइगर रिजर्व से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। त्रिनेत्र गणेश मंदिर दर्शन को अपनी दादी के साथ आया सात वर्षीय कार्तिक सुमन टाइगर के हमले का शिकार हो गया। टाइगर ने कार्तिक को भीड़ के बीच से उठा लिया और जंगल में ले जाकर मार डाला।
मूल रूप से बूंदी जिले के देईखेड़ा थाना क्षेत्र के गोहटा गांव निवासी कार्तिक अपनी दादी और गांव के अन्य दो लोगों के साथ मंदिर दर्शन को आया था। दर्शन के बाद लौटते समय चढ़ाई पर अचानक झाड़ियों से एक टाइगर बाहर निकला और कार्तिक को गर्दन से पकड़कर जंगल में खींच ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाइगर जंगल में लंबे समय तक बच्चे की गर्दन पर पंजा रखकर बैठा रहा। मौके पर मौजूद लोग शोर मचाते रहे लेकिन किसी की हिम्मत नहीं पड़ी कि टाइगर के पास जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्रिनेत्र गणेश मंदिर के सभी रास्तों को तत्काल बंद करा दिया गया। काफी मशक्कत के बाद टाइगर को खदेड़ा गया और बच्चे के शव को बरामद कर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां पिछले दो दिनों से टाइगर टी-120 की सक्रियता देखी जा रही थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि हमलावर टाइगर यही हो सकता है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी दहशत है। त्रिनेत्र गणेश मंदिर ट्रस्ट की ओर से मृतक के परिजनों को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
यह घटना न केवल वन्यजीव प्रबंधन पर सवाल खड़े करती है, बल्कि मंदिर तक जाने वाले मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता बढ़ा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"






Users Today : 30
Users Yesterday : 36